#HansiNarnaundJindRailLine Project Update:-हांसी-जींद रेल मार्ग की डीपीआर तैयार, पांच माह में काम होगा शुरू : बृजेंद्र
Publish Date:Sun, 02 Jun 2019 07:27 AM (IST)
हांसी-जींद रेल मार्ग की डीपीआर तैयार, पांच माह में काम होगा शुरू : बृजेंद्र
हांसी देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचने के बाद हिसार के सांसद बृजेंद्र
संवाद...
more... सहयोगी, हांसी :
देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचने के बाद हिसार के सांसद बृजेंद्र रविवार को शहरवासियों का धन्यवाद करने पहुंचे। पंचायती रामलीला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद बृजेंद्र सिंह ने शहर में रोड शो भी किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हांसी को बहुत देखभाल की जरूरत है और उपमंडल के विकास के लिए वह कोई कमी नहीं आने देंगे।
उन्होंने कहा कि हांसी-जींद रेल मार्ग की डीपीआर तैयार हो चुकी है व पूरी संभावना है कि आगामी चार-पांच महीने के अंदर ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के विकास के लिए सबसे पहली जरूरत उस शहर को परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की होती है और हांसी-जींद रेल मार्ग का निर्माण शहर के विकास को गति प्रदान करेगा। लोकसभा चुनावों में मिली जबरदस्त सफलता के बाद बृजेंद्र सिंह पहली बार शहर में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद इतनी बड़ी जीत का अंदाजा नहीं था लेकिन इतनी बड़ी जीत से साफ हो गया है कि लोग पहले से ही भाजपा को जीताने के लिए मन बना चुके थे और केवल 12 अप्रैल का इंतजार कर रहे थे।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य जनरल डीपी वत्स, पूर्व सीपीएस विनोद भयाना, रिकू सैनी, प्रवीण बंसल, अशोक कन्नौजिया, शैलेंद्र गोयत एडवोकेट, दिनेश भुटानी, साहिल भयाना, जगदीश भाटिया, प्रवीण गोदारा, लवकेश टुटेजा, सुनील मलिक आदि अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे। मंच पर दिखी अव्यवस्था
सांसद बृजेंद्र सिंह का माला पहनाकर स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच पर जमा हो गई। मंच से कई बार व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बोला गया लेकिन कार्यकर्ताओं ने एक नहीं सुनी। सांसद के आगे नंबर बनाने की होड़ में कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। आखिर मंच पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस कर्मचारी मंच के दोनों तरफ खड़े हो गए जिसके बाद कार्यक्रम का संचालन किया गया।